गांव मीरपुर हीरपुर ने प्राथमिक विद्यालय परिसर में शव को रखकर कर विरोध प्रर्दशन करते ग्रामीण ।
बिलसंडा। स्कूल में खाना बनाते समय आग लगने के कारण झुलसने से हुई रसोइया की मौत के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने स्कूल में शव रखकर प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस के तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के बाद परिवार वाले शांत हुए।
थाना करेली के गांव मीरपुर हीरपुर में सोमवार की सुबह मिड डे मील तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलिंडर में आग लग गई। जिसमें रसोइया रामस्नेही देवी (56) गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें निगोही (शाहजहांपुर) सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल शाहजहांपुर रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई।
बुधवार को जब उनका शव गांव पहुंचा, तो परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर शव को प्राथमिक विद्यालय में रख कर प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप था कि 29 अप्रैल को प्राथमिक विद्यालय के अध्यापक विजय कुमार, प्रधान रामवती और प्रधान के पति मेवाराम की लापरवाही के कारण हादसा हुआ।
कई बार रामस्नेही ने पाइप खराब होने की शिकायत की थी पर किसी ने सुनवाई नहीं की। प्रदर्शन की सूचना पर एसओ जगदीप मलिक फोर्स के साथ गांव पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद रसोइया के परिजन शांत हुए।
एसओ ने बताया कि मृतक महिला के बेटे वीरपाल की तहरीर पर प्रधान रामवती, प्रधान के पति मेवाराम और प्रधानाध्यापक विजय कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।