पीलीभीत। जिले में ग्राम पंचायत, नगर और जिला पंचायत की महिला जन प्रतिनिधि पर्दे के पीछे और स्वघोषित प्रतिनिधि बैठकों में भाग ले रहे। विकास कार्यों के शिलान्यास और लोकार्पण का नारियल भी फोड़ रहे हैं। जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में जिला कृषि अधिकारी से मारपीट भी जिला पंचायत सदस्य के स्वघोषित प्रतिनिधि के इशारे पर ही हुई। मजे की बात यह की नियमों की धज्जियां उड़ाकर इन्हें बैठक में प्रतिभाग भी कराया गया।
बृहस्पतिवार को जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में शासन के नियमों की धज्जियां उड़ीं। आरक्षित सीटों से जीत हासिल कर जिला पंचायत सदस्य चुनी गई महिलाओं के प्रतिनिधि बने उनके परिजन सदन की कुर्सियों पर विराजमान दिखे। सदन की कार्रवाई में भी प्रतिभाग किया, जबकि उनका प्रवेश भी नहीं होना चाहिए था। जिला कृषि अधिकारी से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने वाले नितिन पाठक भी स्वघोषित प्रतिनिधि हैं। उनकी पत्नी स्मृति पाठक वार्ड-32 से जिला पंचायत सदस्य हैं।
नितिन पाठक की कुर्सी जिला पंचायत अध्यक्ष के पति के करीब ही पड़ी थी। खाद की चर्चा में विवाद और गाली-गलौज किया। उनके ड्राइवर अनमोल ने जिला कृषि अधिकारी को थप्पड़ जड़ दिया।