होमगार्ड कमाडेंट कार्यालय में रक्तदान की शपथ लेते कर्मी स्रोत : कर्मचारी
पीलीभीत। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्त की कमी है। कई ग्रुपों में नाम मात्र का रक्त ही शेष है। बी निगेटिव ग्रुप का रक्त उपलब्ध भी नहीं है। ऐसे में आपका रक्तदान ही इस कमी को पूरा कर सकता है। रक्त की कमी को दूर करने को लेकर अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से 14 जून को जिला अस्पताल के ब्लड बैंक परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
जरूरतमंदों की मदद के लिए अमर उजाला फाउंडेशन 14 जून को सुबह नौ से शाम चार बजे तक रक्तदान शिविर का आयोजन कर रहा है। इसमें कई सामाजिक संस्थाओं ने भी सहयोग की बात कही है। उधर, ब्लड बैंक की ओर से भी लोगों से संपर्क किया जा रहा है। बुधवार को ब्लड बैंक की काउंसलर अमरीन ने होमगार्ड कमांडेंट कार्यालय से संपर्क किया। कार्यालय कर्मियों को रक्तदान की शपथ दिलाई। संयुक्त बार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष धीरेंद्र मिश्रा ने भी रक्तदान में सहयोग की बात कही है।