शहर के एक पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने के बाद बाइक सवार को हेलमेट वापस करता स्कूटी सवार।संवाद
पीलीभीत। सड़क सुरक्षा के लिहाज से नो हेलमेट नो फ्यूल की व्यवस्था लागू की गई है। लेकिन, जिले में इसका पालन होते हुए नहीं दिख रहा है।
हादसों को रोकने के लिए सरकार लगातार सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत जागरूकता अभियान चला रही है। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट तो चार पहिया वाहन चालकों को सीटबेल्ट अनिवार्य किया गया है। ऐसे में अब नो हेलमेट नो फ्यूल व्यवस्था 26 जनवरी से जिले में लागू कर दी गई। इसके बाद भी पेट्रोल पंप पर इसका असर देखने को नहीं मिल रहा है।
जागरूकता के लिए पेट्रोल पंप मालिकों की ओर से पंप पर बैनर आदि लगाकर कर्मचारियों को निर्देश तो जारी किए गए। लेकिन लोग इसका पालन करते नहीं दिखे। सोमवार को शहर के मंडी समिति रोड स्थित एक पंप पर दोपहर करीब 1.15 बजे स्कूटी सवार ने बाइक सवार युवक से पेट्रोल डलवाने के लिए उसका हेलमेट लिया। पेट्रोल डलवाने के बाद उसका हेलमेट वापस कर दिया। यह स्थिति शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर दिखाई दी। एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि नो हेलमेट नो पेट्रोल का पालन गंभीरता से कराया जाएगा। जिस पंप पर निर्देश का पालन नहीं हो रहा है। वहां पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।