ब्लॉक बरखेड़ा के गांव पुरैनिया रामगुलाम में नहर की पटरी पर लगे थे सेमल के पेड़
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। अधिकारियों की मिलीभगत से ठेकेदार ने नहर की पटरी पर लगे लाखों रुपये कीमत के हरे भरे सेमल के तीन पेड़ों को कटवा दिया। मामला चर्चा आने पर कटान करने वाला ठेकेदार पेड़ों को मौके पर छोड़कर भाग गया।
ब्लॉक बरखेड़ा के गांव पुरैनिया रामगुलाम से गुजरने वाली नहर पटरी पर विभाग ने सेमल के पेड़ लगवाए थे। इन पेड़ों को बिना नीलामी सूचना के ही एक ठेकेदार ने कटवा दिया। बताया जा रहा है कि इसमें विभाग के एक अधिकारी की मिलीभगत रही।
पेड़ों के कटान की जानकारी ग्रामीणों को लगी, तो वे मौके पर पहुंचे। इस पर ठेकेदार एक नेता का रिश्तेदार बताकर ग्रामीणों पर रौब झाड़ने लगा। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। बताया जा रहा है कि अधिकारी ने ठेकेदार को पेड़ों को वहीं छोड़कर भाग जाने की सलाह दी।
इसके बाद काटे गए पेड़ों को नहर पटरी से हटवा कर नकटादाना स्थित शारदा सागर खंड के कार्यालय पर रखवा दिया गया। एसडीओ विशाल मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी हुई थी। जिसके बाद पेड़ों को कब्जे में ले लिया गया है।