पीलीभीत। मां की दवा लेने बरेली जा रहे यात्री से मारपीट और नकदी छीन लेने के मामले में सुनगढ़ी पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर संविदा चालक, परिचालक और उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के खपरैल गौटिया निवासी रामकिशोर ने बताया कि 12 जनवरी को वह अपनी मां के साथ उनकी आंखों का ऑपरेशन कराने के लिए बरेली जा रहा था। वह 09.30 बजे नौगवां चौराहे पहुंचा, यहां से बरेली जाने वाली बस में सवार हुआ।
इसी दौरान उसके गांव का विक्की पुत्र गणेश पाल वहां कार से पहुंचा। वह भी बरेली अपने पिता की इलाज कराने के लिए जा रहा था। उसे देखकर उसने कार को रोक लिया और साथ चलने को कहा। इस पर वह अपनी मां के साथ बस से उतरने लगा। इस पर रोडवेज बस का संविदा चालक तेजेंद्र पाल गंगवार व परिचालक गाली गलौज करते हुए झगड़ने लगा।
उन्होंने उसकी मां को बस से धक्का दे दिया। वह विक्की के साथ अपनी मां को लेकर कार से वहां से चला गया। ईदगाह स्थित रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण वे लोग वहां रुक गए। इस बीच चालक व परिचालक बुलेरो कार में आठ से दस अज्ञात लोगों को लेकर वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट की। जेब में रखे 48 हजार रुपये भी लूट लिए।
मामले की शिकायत थाना पुलिस व एसपी से की गई, लेकिन न्याय नहीं मिल सका। इसके बाद उसने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर सुनगढ़ी पुलिस ने चालक, परिचालक के अलावा आठ से दस अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर पवन कुमार पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है।