ग्राम काजरबोझी में अध्रनिर्मित ओवरहेड टैंक। संवाद
बरखेड़ा। ब्लाॅक क्षेत्र की ग्राम पंचायत काजरबोझी और उसके मजरा खगाई में जल जीवन मिशन के तहत वर्ष 2022 में टंकी का निर्माण शुरू हुआ, जो अब तक अधूरा है। इस बीच पाइपलाइन बिछाकर ग्रामीणों के घरों में कनेक्शन भी दे दिए गए, लेकिन जलापूर्ति शुरू न होने से पेयजल की समस्या बरकरार है। गर्मी में पेयजल की परेशानी बढ़ने की संभावना है। ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन डालने के लिए सड़कों को खोदा गया, लेकिन बाद में समुचित ढंग से मरम्मत भी नहीं कराई गई।
सड़कों पर गड्ढों के कारण ग्रामीणों को आवागमन की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई ग्रामीणों ने बताया कि ट्रायल के तौर पर जलापूर्ति शुरू कराई गई, लेकिन पाइपलाइनों में लीकेज के कारण यह सफल नहीं हो सका। टंकी स्थल पर बनवाई गई बाउंड्री गिरने की कगार पर है। यहां तैनात चौकीदार भगवान दास ने बताया कि पाइपलाइन ठीक न होने के कारण सीधे नलकूप से जलापूर्ति भी नहीं हो पा रही है। इस बारे में उच्च अधिकारियों को पूर्व में सूचना दी जा चुकी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जो भी कार्य शेष हैं, उन्हें जल्द पूरा कराया जाए। जहां जहां पाइप लीक हैं, उन्हें भी बदला जाए। गर्मी में पानी की दिक्कत न हो, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संवाद
-
सड़कों की हालत बेहद खराब हो गई है। बरसात के दिनों में निकलना मुश्किल होने लगता है। जलापूर्ति अब तक सुचारू नहीं हो सकी है। अधिकारियों को इस पर ध्यान देना चाहिए।
-राजेंद्र कुमार, खगाई
-
गांव को आने वाली पाइपलाइन बेहद खराब है। इसीलिए लीकेज हो गए। सड़कों की सही ढंग से मरम्मत भी नहीं कराई गई। ऐसे में पानी के साथ ही आवागमन की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है।
- तोताराम, खगाई
-
गांव की सड़कों को पाइप लाइन डालने के बाद ठेकेदार ने सही नहीं कराया। इस कारण पैदल निकलने में भी कठिनाई हो रही है। दुपहिया वाहन वाले अक्सर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं।
राकेश कुमार, काजरबोझी
ग्राम काजरबोझी में अध्रनिर्मित ओवरहेड टैंक। संवाद
ग्राम काजरबोझी में अध्रनिर्मित ओवरहेड टैंक। संवाद