शारदा नदी पर बन रहा पैंटून पुल- विभाग
पूरनपुर। पैंटून पुल बनाने का तेजी से शुरू हुआ काम अब अंतिम चरण में है। सब कुछ ठीक रहा तो 22 दिसंबर से पुल से बाइकों का आवागमन शुरू कराया जाएगा।
तहसील क्षेत्र के शारदा पार गांवों में आवागमन को शारदा नदी पर हर साल पैंटून पुल बनाया जाता है। बाढ़ की आशंका पर पुल 15 जून को हटाने और शारदा नदी में पानी कम होने पर 15 अक्तूबर को पुल से आवागमन शुरू करना निर्धारित है। पिछले तीन सालों से निर्धारित समय पर पुल तैयार नहीं हो पा रहा है।
इस बार भी पैंटून पुल से आवागमन को लोगों को इंतजार करना पड़ा। पैंटून पुल न बनने से नाव से नदी पार कराई जा रही है। नाव से नदी पार न करने वाले, चार पहिया वाहन सवारों को तीस की जगह 130 किलोमीटर की दूरी तय करके तहसील मुख्यालय तक आवागमन करना पड़ता है। पैंटून पुल को लेकर टेंडर प्रक्रिया एक महीने पहले पूरी हुई थी। शारदा नदी चौड़ी धार में बहने, विभाग के पास इतना लंबा पुल बनाने की सामग्री न होने से पैंटून पुल नहीं बन पा रहा था। सप्ताह भर पहले बंद नहरों मेंं पानी छोड़े जानेे पर शारदा नदी का जलस्तर कम हो गया। नदी का जलस्तर कम होते ही पैंटून पुल बनाने के कार्य में तेजी आ गई। अब पैंटून पुल बनाने का कार्य अंतिम चरण में है।