बीसलपुर। चार और पांच सितंबर को आई बाढ़ ने जनजीवन को अस्तव्यस्त कर दिया है। खेतों और घरों के साथ-साथ अब सड़कें भी बाढ़ की चपेट में आकर टूट गई हैं। नतीजतन कई मार्गों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है और लोगों को लंबा चक्कर लगाकर सफर करना पड़ रहा है।
नगर से चौसर हरदो पट्टी जाने वाला मार्ग गांव रम्पुरा के पास बुरी तरह टूट गया है। इसी तरह बीसलपुर-बरेली रोड से गांव अमरती तक जाने वाला रास्ता भैंसटा जलालपुर के पास क्षतिग्रस्त हो गया है। गांव अमृका खास से बैरा गांव जाने वाला मार्ग भी रपटुआ पुल के पास पूरी तरह टूट चुका है। वहीं दियोरिया से घुंघचाई जाने वाला मार्ग पुलिया के पास कट गया है। इन मार्गों के बंद होने से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि आवागमन बाधित होने से रोजमर्रा के कामकाज और आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र सड़कों की मरम्मत कर यातायात बहाल करने की मांग की है।
फोटो
अमृता खास और बैरा मार्ग के बीच रपटुआ पुल के पास सड़क कट जाने से काफी ज्यादा दिक्कत हो रही है। अधिकारियों को शायद इसका अहसास नहीं है, इसलिए निर्माण कार्य शुरू नहीं करा रहे हैं। - कैलाश चंद्र शर्मा ,पूर्व प्रधान गांव बैरा
-
फोटो
दियोरिया घुंघचाई के बीच बाढ़ से कटी सड़क अधिकारी जानबूझकर नहीं बनवा रहे हैं। अधिकारियों की अनदेखी का खामियाजा राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है। - विमल कुमार गुप्ता, घुंघचाई
बाढ़ में कितनी सड़कें क्षतिग्रस्त हुईं, उनका निरीक्षण कराया जा रहा है। निरीक्षण होने के बाद उनकी मरम्मत कराई जाएगी। एसके जैन, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग