बिलसंडा। अस्पताल से घर से जा रहे कंपाउंडर को रास्ते में रोककर पीटा और सिर पर बांका मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद व छह अज्ञात समेत आठ के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के गांव जादोपुरनथा निवासी मनोज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह नगर के एक निजी अस्पताल में कंपाउंडर का कार्य करते हैं। तीन सितंबर की रात नौ बजे वह अस्पताल से घर लौट रहे थे। इस दौरान कस्बे की सब्जी मंडी के निकट बमरौली गांव निवासी अनुज कुमार, अचल शुक्ला व छह अज्ञात समेत करीब आठ लोग पहले से ही घात लगाए बैठे थे।
आरोप है कि वहां से गुजरते ही आरोपियों ने गालीगलौज और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर मारपीट की और सिर पर बांके से भी प्रहार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गए। जेब में रखे 3100 रुपये निकालने के साथ ही मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। आरोप है कि पूर्व में आरोपी दबंगई कर चुके हैं, जिसकी थाने में तहरीर दी गई थी। थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्त समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।