बाजार में दुकानों पर रखीं भगवान श्री गणेश की मूर्तियां। संवाद
पीलीभीत। तराई के जिले में भगवान गणेश का जन्मोत्सव मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। शहर में विभिन्न स्थानों पर गणेश चतुर्थी पूजन के लिए पंडाल सजने लगे हैं। इसी के साथ बाजार में दुकानों पर भगवान गणेश की मूर्तियों की बिक्री शुरू हो गई है।
जिले में गणेश चतुर्थी उत्सव का शुभारंभ बुधवार को हो रहा है। शहर में विभिन्न स्थानों पर पंडाल सजाकर उनमें गणेश जी की प्रतिमाओं को स्थापित कर भजन-कीर्तन एवं आरती के कार्यक्रम होंगे। शहर में राजा बाग काॅलोनी में गणेश चतुर्थी उत्सव की तैयारियांं पूरी कर ली गईं।
आयोजकों ने मंगलवार को बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। बताया कि दोमट मिट्टी से तैयार भगवान गणेश की साढ़े पांच फिट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। लगातार 11 दिन तक चलने वाले उत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह-शाम भजन-कीर्तन और आरती के कार्यक्रम चलेंगे।
वीरेंद्र पाल सिंह एडवोकेट की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रताप सिंह, रामकिशोर मिश्रा, कुसुम वर्मा, आयुष मिश्रा, सुमित गंगवार, शिवकुमार रघुवंशी, अनिकेत सिंह, नीलेश मिश्रा, कमल विक्रम सिंह, प्रियांशी सक्सेना आदि उपस्थित रहे। चौक बाजार में पीलीभीत-महाराष्ट्र मित्रमंडल की ओर से गणेश पंडाल सजाकर प्रतिमा स्थापना की तैयारी है। यहां उत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी कराए जाएंगे। रंगीलाल चौराहा पर भी पंडाल सज रहा है। युवा जाग्रति परिषद की ओर से टनकपुर हाईवे स्थित उपाधि कालेज मोड़ पर बने धर्मस्थल पर पंडाल सजाया जा रहा है। उधर, गणेश उत्सव के लिए बाजार भी पूरी तरह से तैयार है। दुकानों पर भगवान गणेश की मूर्तियां बिकने लगी हैं। दुकानदारों के अनुसार भगवान गणेश की प्रतिमाएं डेढ़ सौ से लेकर पांच हजार रुपये मूल्य तक की रेंज में ग्राहकों को उपलब्ध कराई जा रही हैं।
-