पूरनपुर (पीलीभीत)। दहेज हत्या के आरोप में निलंबित चल रहे कांस्टेबल शुभम खेवरिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेजा है। जुलाई में नगर में स्थित किराये के मकान में विवाहिता का शव मिलने के बाद मृतका के पिता की ओर से कांस्टेबल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
डायल 112 पर तैनात कांस्टेबल शुभम की पत्नी नेहा का शव नगर की सरबनपुरी कॉलोनी में किराये के घर में 16 जुलाई की शाम पंखे से दुपट्टे के फंदे से लटका मिला था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
नेहा के पिता उत्तराखंड के रूड़की के गांव लखनौता निवासी विजेंद्र पाल ने शुभम और उसके माता-पिता पर दहेज में एक लाख रुपये की मांंग करने, मांग पूरी न करने पर नेहा को आत्महत्या के लिए मजबूर करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
नेहा की शादी 22 फरवरी 2023 को शुभम से हुई थी। विजेंद्र पाल का आरोप था कि शादी के कुछ दिन तक सब ठीक चलता रहा। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद शुभम, उसके पिता रमेश चंद्र, मां वीरमती ने एक लाख रुपये मायके से लाने का दबाव नेहा पर बनाना शुरू कर दिया।
पुलिस ने कांस्टेबल शुभम, उसके पिता डॉ. रमेश चंद्र, मां वीरमती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के बाद कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया। कोतवाल नरेश कुमार त्यागी ने बताया कि नामजद आरोपी निलंबित कांस्टेबल शुभम को गिरफ्तार कर चालान भेजा गया है।