असम हाईवे किनारे पानी से भरे गड्ढे में घुसी कार को देखते पुलिसकर्मी और अन्य -संवाद
पूरनपुर। ब्रेक फेल होने से कार हाईवे किनारे पानी भरे गड्ढे में चली गई। कार सवार ने बमुश्किल पीछे की सीट के पास का शीशा खोल बाहर निकलकर जान बचाई।
सूचना पर पहुंची पुलिस कार के साथ कई लोगों के डूबने की आशंका पर करीब एक घंटे तक परेशान रही। कार सवारों को निकालने को पुलिस पानी में घुसी, लेकिन कार में किसी के न होने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। इसके बाद कार को जेसीबी से बाहर निकलवाया।
घटना असम हाईवे पर गांव हरसिंहपुर के समीप रविवार दिन में करीब 11 बजे की है। बरेली की पवन बिहार कॉलोनी निवासी और बरेली कॉलेज में स्थित उप डाकघर के पोस्टमास्टर रामकुमार रविवार को नगर में अपने होने वाले रिश्तेदार के निर्माणाधीन मकान को देखने कार से आ रहे थे। ब्रेक फेल होने पर कार हाईवे किनारे पानी से भरे गड्ढे में घुस गई। घटनास्थल से वे ई रिक्शा पर सवार होकर अपने होने वाले रिश्तेदार के पास पहुंच गए।
कार सवार रामकुमार ने बताया कि वे बरेली कॉलेज में स्थित उप डाकघर में पोस्टमास्टर के पद पर तैनात हैं। उन्होंने अपनी पुत्री का रिश्ता नगर में किया है, जिनका निर्माणाधीन घर देखने आए थे।