पीएचसी जोशीटोला में महिला मरीज को परामर्श देते चिकित्सक। संवाद
पीलीभीत। बारिश के बाद मौसम में लगातार हो रहे बदलाव व बढ़ते संक्रमण का असर अब लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है।
रविवार को शहर में आयोजित जन आरोग्य मेले में मियादी (टायफाइड) व वायरल बुखार के मरीजों की संख्या सबसे अधिक रही। शहर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीटोला, पुराना अस्पताल व बागगुलशेरखां में बड़ी संख्या में मरीज बुखार, बदन दर्द व कमजोरी की शिकायत लेकर पहुंचे। इनमें बच्चों और बुजुर्गों की संख्या भी अधिक रही।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीटोला में 80 से अधिक मरीजों ने चिकित्सकों से परामर्श लिया। यहां वायरल बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या सबसे अधिक रही। चिकित्सक डॉ. अफसान ने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं दीं। बच्चों के बीमार होने पर चिकित्सक डॉ. अफसान ने परिजनों को बरसाती मौसम में संक्रमण से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने बच्चों को साफ पानी व ताजा भोजन देने के साथ आसपास साफ-सफाई रखने पर जोर दिया।
पुराना अस्पताल में भी वायरल बुखार के साथ टायफाइड मरीज बड़ी संख्या में पहुंचे। चिकित्सक डॉ. जनमेजय सिंह ने बुखार से पीड़ित मरीजों के मलेरिया समेत अन्य संभावित संक्रमणों की जांच के लिए कार्ड टेस्ट कराए। मरीजों को लक्षणों के अनुसार उपचार और जरूरी सावधानियां बताई गईं।
इधर, बागगुलशेरखां में भी 60 से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंचे। यहां अधिकांश बुजुर्ग और बच्चे बुखार से पीड़ित मिले। चिकित्सक डॉ. रोहित गंगवार ने लोगों को बुखार होने पर खुद से दवा लेने के बजाय जांच और चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी। यहां भी वायरल बुखार का प्रकोप देखने को मिला।