पूरनपुर। हरदोई ब्रांच नहर में छलांग लगाने वाले व्यक्ति का शव तीसरे दिन घटनास्थल से एक किमी दूर तेरह मील पर फंसा मिल गया पर उसकी शिनाख्त तीसरे दिन भी नहीं हो सकी। नहर पुल से लापता हुए ममेरे-फुफेरे भाई का भी सुराग नहीं लग सका। नहर में ममेरे-फुफेरे भाई की तलाश को तीसरे दिन एसएसबी, पीएसी की टीम को लगाया गया।
शुक्रवार को ही सुबह असम हाईवे स्थित हरदोई ब्रांच नहर पुल पहुंचे करीब 50 साल के शख्स ने चप्पलें पुल के समीप उतारकर गमछा नहर की पुलिया पर रख दिया और नहर में छलांग लगा दी थी। ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड ने डूब रहे अधेड़ को इशारा कर नहर के किनारे आने को कहा पर उस व्यक्ति ने मना कर दिया और डूब गया। सोमवार को तीनों की तलाश में एसएसबी और पीएसी को नहर में उतारा गया। दो स्टीमर के साथ उतरी एसएसबी और पीएसी की टीम ने दोपहर को घटनास्थल से करीब एक किमी दूर 13 मील पर मृतक का शव नहर से बरामद कर दिया। कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि जिसका शव सोमवार को बरामद हुआ है उसकी उम्र 50 साल के करीब है। वह नीली पेंट, आसमानी शर्ट पहने है। अब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव रखवा दिया गया है। शिनाख्त न होने पर 72 बाद उसके शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
इधर, मोहल्ला साहूकारा लाइनपार में रिश्तेदार के घर शादी से पहले होने वाली रस्म में भाग लेकर पीलीभीत के छतरी चौराहा नई बस्ती निवासी विकास पांडेय (27) अपने फुफेरे भाई जिला रामपुर के थाना मिलक के गांव कृपया पांडेय निवासी अभिषेक पांडेय (14) के साथ शुक्रवार रात ढाई बजे घर को रवाना हुए थे। शनिवार को उनकी बाइक असम हाईवे पर हरदोई ब्रांच नहर पुल पर मिली थी। हादसे के बाद दोनों के डूबने की आशंका परिजन ने व्यक्त की। सोमवार शाम पांच बजे तक ममेरे-फुफेरे भाईयों का सुराग नहीं लग सका।