पीलीभीत। कोतवाली क्षेत्र की राणा कॉलोनी में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब सड़क पर भरे पानी में एक युवक का शव पड़ा मिला। जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
मृतक की पहचान राणा कॉलोनी निवासी इंद्रजीत (40) पुत्र छेदालाल के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि इंद्रजीत सुबह घर से निकला था, इसके बाद से लापता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि शव सड़क पर पानी भरे हिस्से में पड़ा हुआ था। पुलिस के मुताबिक, मृतक नशे का आदी था। सीसी फुटेज में भी वह सुबह करीब पौने 11 बजे घटनास्थल के पास से लड़खड़ाते हुए जाता दिखाई दे रहा है।
पुलिस ने एहतियातन फुटेज को कब्जे में ले लिया है। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।