गजरौला। थाना क्षेत्र के लालपुर गांव के निकट बुधवार दोपहर लापता युवक का तालाब में शव उतराता मिला। मामले में अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
गांव लालपुर निवासी मृतक के परिजनों के अनुसार रामदीन 37 पुत्र बाबूराम मंगलवार को शाम करीब सात बजे खेत पर फसल देखने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद देर रात तक वह घर नहीं लौटे। परिजन चिंतित हुए और उसकी खोजबीन शुरू की। रातभर परिजन गांव और आसपास परिचितों में उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
बुधवार दोपहर करीब एक बजे गांव से तीन किलोमीटर दूर दमगढ़ी म्यूना स्थित एक तालाब में उसका शव उतराता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन और गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे। सूचना गजरौला पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटाने के बाद शव को तालाब से बाहर निकलवाया। इसके बाद जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। थाना प्रभारी बृजवीर सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामले की जांच की जा रही है। युवक की मौत से परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।