पीलीभीत। ई-रिक्शा से जा रही छात्रा के साथ छेड़खानी करने के आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार रात धरपकड़ कर दबोच लिया। आरोपी आईटीआई पूरनपुर कॉलेज का शिक्षक निकला। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए शनिवार को कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया।
नर्सिंग की एक छात्रा शुक्रवार की दोपहर घर से प्रशिक्षण कार्य के लिए जिला अस्पताल को निकली थी। नौगवां चौराहा से जिला अस्पताल आने के लिए छात्रा ई-रिक्शा पर बैठी। इस दौरान रास्ते में ई-रिक्शा पर सवार एक युवक उसके साथ छेड़खानी करने लगा। दूधिया मंदिर मार्ग पर पहुंचने पर आरोपी ने जब हरकतों को बंद नहीं किया तो घबराकर छात्रा चलते ई-रिक्शा से कूद गई थी। इससे उसके मामूली चोटें आई।
शोर पर भीड़ जमा हो गई। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के साथ आरोपी की धरपकड़ के प्रयास शुरू किए थे। एसपी के निर्देश पर पांच टीमें धरपकड़ में जुटी थीं। देर रात आरोपी को पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान पूरनपुर नगर के ब्लॉक रोड स्थित सतनाम सिंह के रूप में हुई। आरोपी आईटीआई पूरनपुर में शिक्षक है। एएसपी विक्रम दहिया ने बताया कि आरोपी को घटना के 12 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया है। शनिवार को कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
000
सीसीटीवी की मदद से आरोपी तक पहुंची टीमें
घटना के बाद अफसरों के निर्देश पर पांच टीमें आरोपी की धरपकड़ में जुट गई। सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। शनिवार को जेल भेजे जाने से पूर्व आरोपी के परिजन भी सुनगढ़ी थाने में जमा रहे।
000
लंगड़ाते हुए थाने से बाहर निकला आरोपी
आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसे शुक्रवार की रात सुनगढ़ी थाने लाया। शनिवार को आरोपी सुनगढ़ी के हवालात से लंगड़ाते हुए बाहर निकला। परिजन को देख आरोपी मायूस दिखा। सिर नीचे किए आरोपी थाने परिसर से पुलिस कर्मियों के साथ मेडिकल प्रशिक्षण के बाद कोर्ट में पेश हुआ। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
000
कॉलेज प्रशासन उच्च अफसरों को भेजेगा रिपोर्ट
छेड़खानी के आरोपी सतनाम सिंह के पकड़े जाने के बाद कॉलेज प्रशासन भी सख्त हुआ है। प्रभारी प्रधानाचार्य शरद चंद्र सागरवाल ने बताया कि मामले की जानकारी लगी है। पुलिस से सूचना प्राप्त होने के बाद नियमानुसार मामले की रिपोर्ट विभागीय डायरेक्टर को भेजकर निलंबित करने की प्रक्रिया पर अमल किया जाएगा। शिक्षक वर्ष 2014 से तैनात है।