बीसलपुर (पीलीभीत)। गांव भैनपुरा निवासी वृद्ध कपड़ा व्यापारी की शुक्रवार को सुबह नगर स्थित उनकी दुकान पर मौत हो गई। उनके परिजनों का कहना है कि उनकी लू लगने से मौत हुई है।
तहसील क्षेत्र के गांव भैनपुरा निवासी अधिवक्ता उमेश शुक्ला ने बताया कि उनके पिता रामसेवक शुक्ला (74) शुक्रवार को सुबह लगभग 10 बजे रोजाना की तरह साइकिल से अपनी कपड़े की दुकान पर आए। वह हृदय रोगी थे, ऐसे में भीषण गर्मी से पिछले कई दिनों से उन्हें काफी दिक्कत हो रही थी। काफी पसीना आ रहा था और चक्कर भी आ रहे थे।
शुक्रवार को जब वह दुकान पर पहुंचे तो वहीं से उन्होंने फोन पर अपनी दिक्कत एक बार फिर उमेश शुक्ला को बताई। पिता से जानकारी पाकर उमेश उनके पास आने के लिए घर से रवाना हो गए। इधर, रामसेवक दुकान खोलकर बैठ गए और कुछ ही देर बाद बेहोश होकर गिर गए। इसी समय उमेश भी दुकान पर पहुंच गए।
उमेश उन्हें नगर के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोपहर में गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। उमेश शुक्ला ने बताया कि उनके पिता की मौत लू लगने से हुई है। इस बावत सामुदायिक केंद्र के अधीक्षक डॉ. लेखराज गंगवार ने अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा कि वह शनिवार को गांव में टीम भेजकर मामले की जांच कराएंगे।
ब्यूटी पार्लर संचालिका की मौत के मामले में सीएमओ ने मांगी रिपोर्ट
बीसलपुर। सीएमओ डॉ. आलोक शर्मा ने मोहल्ला दुर्गाप्रसाद में ब्यूटी पार्लर संचालिका की लू लगने से मौत के मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
नगर के मोहल्ला दुर्गाप्रसाद निवासी फर्नीचर व्यापारी राजू सक्सेना की पत्नी ब्यूटी पार्लर संचालिका रुचि सक्सेना (49) की 29 मई को कानपुर रेलवे स्टेशन पर लू लगने से मौत हो गई थी। इस संबंध में सीएमओ डॉ. आलोक शर्मा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. लेखराज गंगवार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। अधीक्षक ने बताया कि जानकारी जुटाई जा रही है। संवाद