जहानाबाद। जहानाबाद कस्बे व ललौरीखेड़ा ब्लॉक क्षेत्र के गांवों में लावारिसत कुत्तों का आतंक है। रोजाना 30 से 35 लोग कुत्तों के हमले का शिकार हो रहे हैं। जहानाबाद सीएचसी और क्षेत्र की तीनों पीएचसी पर एंटी रैबीज लगवाने वालों की भीड़ जुट रही है। नगर पंचायत के जिम्मेदार मौन हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार इन दिनों कुत्तों के व्यवहार में बदलाव आया है। हिंसक होकर लोगों पर हमला कर रहे हैं। क्षेत्र में कुत्ते काटने की रोजाना 30 से अधिक घटनाएं हो रही हैं। मंगलवार को भी क्षेत्र की बासमती देवी, उपासना, मनोहर, आनंद, रबीना, राज वर्मा, सरिता देवी, दुर्गा देवी, शेर सिंह आदि पर कुत्तों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। परिजनों के साथ सीएचसी-पीएचसी पहुंचे घायलों ने एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवाया। तीन दिन पहले कुत्तों ने रामनगर जहानाबाद देहात निवासी राज वर्मा को काटकर घायल कर दिया था। निसरा निवासी सरिता देवी को काट लिया था। कई अन्य लोगों को भी निशाना बनाया था। सीएचसी अधीक्षक डॉ. कमलेश गंगवार ने बताया कि सीएचसी और सभी पीएचसी पर एंटी रैबीज लगाई जा रही है।