पीलीभीत। अमरिया में तेंदुआ को पकड़ने के लिए चल रहे ‘ऑपरेशन तेंदुआ’ का टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर डॉ. एच राजामोहन ने जायजा लिया। उन्होंने दो पिंजरों के स्थान में परिवर्तन कराया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर सतर्क रहने की अपील की।
हिसंक होते जा रहे तेंदुए को पकड़ने के लिए अमरिया क्षेत्र में 25 अगस्त से ऑपरेशन तेंदुआ शुरू किया गया था। क्षेत्र के चार स्थानों पर पिंजरे लगाए गए थे, मगर अब तक तेंदुआ पकड़ में नहीं आ सका। इस बीच तेंदुआ एक महिला पर हमला करने के साथ कई पालतू कुत्तों का निवाला बना चुका है। इससे ग्रामीणों में गुस्सा है।
बृहस्पतिवार शाम टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर (एफडी) डॉ. एच राजामोहन अमरिया क्षेत्र में पहुंचे। यहां उन्होंने वन एवं वन्यजीव प्रभाग के डीएफओ संजीव कुमार के साथ चार स्थानों पर लगाए गए पिंजरों को देखा। फील्ड डायरेक्टर ने सूरजपुर में रखे दो पिंजरों में से एक को उठवाकर कब्रिस्तान के समीप जबकि दूसरा जगत गांव से हटवाकर मूसाकोनी में रखवा दिया। मूसाकोनी में पिछले सप्ताह भर से ही तेंदुए की चहलकदमी देखी जा रही है।
इससे पूर्व एफडी ने उड़नदस्ता टीम के साथ रसूला, जगत, सूरजपुर गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों को जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही तेंदुआ पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने अभियान में लगी टीम को भी दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीओ हेमंत कुमार सेठ, रेंजर सतेंद्र चौधरी, डिप्टी रेंजर देवेंद्र पाल आदि मौजूद रहे।