पीलीभीत। बढ़ते तापमान व गर्म हवाओं का असर लोगों की त्वचा पर पड़ने लगा है। बिना सावधानी के धूप में निकल रहे लोगो में सबसे ज्यादा त्वचा पर स्केबीस (खुजली) व फंगल इंन्फेक्शन जैसी समस्याएं देखने को मिल रही हैं। इससे जिला अस्पताल की त्वचा रोग ओपीडी में 160 मरीज पहुंचे।
जिले में अब तापमान बढ़ने के साथ तेज गर्म हवा चलना शुरू हो गई है, जो लोगों की त्वचा पर असर डाल रही है। लोगों में खुजली, लाल चकत्ते, त्वचा पर दाने, जलन व दाद जैसी समस्याएं बढ़ गई हैं। जिला अस्पताल के त्वचा रोग विभाग की ओपीडी में भी मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। पहले से 20 प्रतिशत मरीज और बढ़ गए हैं। बृहस्पतिवार को भी त्वचा कक्ष में चिकित्सक डॉ. शांतनु ने त्वचा संबंधी लगभग 160 मरीजों को परामर्श दिया। उन्होंने बताया कि गर्मी में स्केबीज व फंगल इंफेक्शन बढ़ गया है। कुछ मरीजों की खून की जांच भी कराई जा रही है। संवाद
इस तरह करें बचाव
1. नियमित ठंडे पानी से 1-2 बार स्नान करें।
2. तौलिए, कपड़ों का साझा करने से बचें, नियमित धोएं।
3. धूप में मुंह पर कॉटन का कपड़ा बांधे, काला चश्मा लगाएं।
4. नियमित 3-4 लीटर पानी पिएं व फल खाएं।
5. फंगल इंफेक्शन आदि पर चिकित्सक से परामर्श जरूर लें।