पीलीभीत। लॉकडाउन का फायदा उठाकर मानसिक मंदित एक नाबालिग किशोरी की मंगलवार रात की जा रही शादी का पता लगते ही पुलिस पहुंच गई। समझाने पर किशोरी के परिवार वाले मान गए और रास्ते से ही बरात लौटा दी गई।
मामला सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के उगनपुर गांव का है। मंगलवार देर शाम एक व्यक्ति से चाइल्डलाइन संस्था को सूचना मिली कि गांव का एक परिवार 14 वर्षीय मानसिक मंदित किशोरी की गैर कानूनी तरीके से शादी कराने जा रहा है। लॉकडाउन के बावजूद किशोरी की शादी बरेली के अटामंडा गांव में तय की गई है। शादी रात को ही गुपचुप तरीके से कराने की बात बताई गई। इसके बाद चाइल्ड लाइन के जिला समन्वयक निर्वान सिंह टीम के साथ भिकारीपुर पुलिस चौकी पहुंचे। वहां चौकी प्रभारी अरविंद कुमार को पूरी बात बताई। इसके बाद पुलिस बल के साथ चाइल्ड लाइन टीम गांव में किशोरी के घर पहुंची।
किशोरी के परिवारवालों ने बताया कि मानसिक मंदित होने के चलते उन्होंने उसकी शादी जल्दी तय कर दी थी। इस पर परिवार वालों की चाइल्ड लाइन टीम ने फटकार लगाई। बालिग होने से पहले शादी करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके अलावा परिवार वालों को किशोरी का इलाज कराने के निर्देश दिए गए। परिवार वाले भी चाइल्ड लाइन टीम की बात सुनकर फंसने के डर से मान गए। टीम ने वर पक्ष को फोन कर रास्ते से ही बरात वापस करा दी। किशोरी से भी बातचीत की गई, मगर वह मानसिक मंदित होने के चलते अपना नाम तक नहीं बता सकी। चाइल्ड लाइन के जिला समन्वयक ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी बाल कल्याण समिति और जिला प्रोवेशन अधिकारी को दी गई है।