पीलीभीत। किराये के मकान में रह रहे शोहदे मोहल्ले की एक किशोरी के लिए मुसीबत बन गए। उसके घर से निकलने और छत पर पहुंचने पर छेड़छाड़ करते हैं। पिता ने जब इसका विरोध किया तो शोहदों ने उन्हें जेल भिजवाने की धमकी दे डाली। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने रविवार को पुलिस को तहरीर में बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनका बेटा बाहर रहकर नौकरी करता है। 17 वर्षीय पुत्री परिवार के साथ घर पर रहती है। मोहल्ले की एक विधवा के मकान में कुछ दिन से बाहरी युवक आकर किराए पर रहने लगे हैं। उनकी वजह से बेटी का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। शोहदे घर से निकलने पर रास्ता रोक उनकी बेटी से फब्तियां कसते हैं। रविवार सुबह किशोरी जब छत पर गई तो छेड़छाड़ करने लगे। किशोरी ने पूरी बात परिवार वालों को बताई। पिता पड़ोस में रहने वाले शोहदों को समझाने के लिए पहुंचे। आरोप है कि गलती स्वीकारने के बजाय शोहदे उनको धमकी देने लगे। एक शोहदे ने कहा कि वह उन पर झूठी एफआईआर दर्ज कराकर जेल भिजवा देगा। पीड़ित पिता ने आरोपियों से बेटी को खतरा जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि पिता से तहरीर मिली है। शिकायत को गंभीरता से लेकर कार्रवाई की जाएगी।