परीक्षा देने के दौरान टोकने
पर एक परीक्षार्थी ने उत्तरपुस्तिका और प्रश्नपत्र फाड़ दिए। मामले की
जानकारी होने पर डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापक को रिपोर्ट दर्ज कराने के
निर्देश दिए हैं। इधर एक परीक्षा केंद्र पर नकल की सूचना पर सचल दल पूरे
समय परीक्षाकेंद्र में डटा रहा।
यूपी बोर्ड परीक्षा के तहत सोमवार को
प्रथम पाली में नागरिक शास्त्र विषय की परीक्षा हुई। नत्थादेवी स्मारक इंटर
कॉलेज रूपपुर कृपा परीक्षा केंद्र में पहली पाली के दौरान कक्ष निरीक्षक
उपस्थित पत्रक पर परीक्षार्थियों के हस्ताक्षर करवा रहे थे। बताते हैं कि
एक परीक्षार्थी द्वारा पत्रक पर हस्ताक्षर न करने पर उसे टोक दिया।
आरोप है
कि टोकने से क्षुब्ध होकर परीक्षार्थी ने प्रश्नपत्र व उत्तर पुस्तिका
फाड़ दी। कुछ देर बाद मामले की जानकारी होने पर एक सचल दल टीम परीक्षा
केंद्र पहुंची और केंद्र व्यवस्थापक से मामले की जानकारी की तो मामले का
खुलासा हुआ। उत्तरपुस्तिका फाड़ने की जानकारी डीआईओएस को दी गई।
डीआईओएस ने
परीक्षा केंद्र के केंद्र व्यवस्थापक को परीक्षार्थी के खिलाफ तहरीर देकर
रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। इधर पहली पाली के ही दौरान सर्वोदय
इंटर कॉलेज कल्यानपुर में नकल की सूचना मिलने पर सचल दल प्रभारी
श्यामाकुमार ने टीम के साथ छापा मारा। छापेमारी के दौरान कोई नकलची नहीं
मिला।
सचलदल परीक्षा समाप्त होने तक परीक्षा केंद्र में जमा रहा। परीक्षा
के बाद सचल दल उत्तर पुस्तिकाओं को सील कराने के बाद उन्हें लेकर रवाना हो
गया। डीआईओएस जेके वर्मा ने बताया कि एक परीक्षार्थी द्वारा प्रश्नपत्र व
उत्तरपुस्तिका फाड़ दी थी। केंद्र व्यवस्थापक को रिपोर्ट दर्ज कराने के
निर्देश दिए गए हैं।
856 ने छोड़ी नागरिकशास्त्र की परीक्षा
पीलीभीत।
बोर्ड परीक्षा के तहत सोमवार को प्रथम पाली में नागरिक शास्त्र विषय की
परीक्षा हुई। डीआईओएस जेके वर्मा ने बताया कि पहली पाली में पंजीकृत 4909
के सापेक्ष 4753 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 856 परीक्षार्थी
गैरहाजिर रहे।
इधर दूसरी पाली में व्यवसायिक शिक्षा वर्ग की परीक्षा हुई,
लेकिन कंट्रोल रूम द्वारा देर शाम परीक्षार्थियों की स्थिति की जानकारी
नहीं दी गई। दोनों पालियों की परीक्षा के दौरान कोई नकलची नहीं पकड़ा गया।