घुंघचाई। हरदोई ब्रांच नहर की पटरी पर बाघ की निगरानी के लिए दो रेंजों की टीमें लगाई गईं हैं। हालांकि, हमले की घटना के बाद से अब तक बाघ की लोकेशन का पता नहीं चल सका है। लोगों का कहना है कि बाघ अभी झाड़ियों में है। देर शाम तक टीम निगरानी करती रही। दियोरिया रेंज के हरदोई ब्रांच नहर टूटा पुल की पटरी पर सोमवार को बकरियों को चराने और रखवाली करने के दौरान गांव सिमराया निवासी प्रेमराज पर झाड़ियों से निकले बाघ ने हमला कर घायल कर दिया था। महिलाओं की सूझबूझ से उसको बाघ से छुड़ाया था। घायल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया था।
मंगलवार को दूसरे दिन पटरी पर सन्नाटा छाया रहा। टाइगर ट्रेकर टीम हरदोई ब्रांच नहर की पटरी पर निगरानी करती रही। दहशत के चलते दूसरे दिन लोग काम करने के लिए खेतों पर नहीं गए। पुलिस और वन विभाग की टीम ने अकेले वाहन चालकों व अकेले पैदल गुजरने वालों को उस पटरी से वापस कर दिया गया।
वाहनों पर दो या उससे अधिक सवार लोगों को ही जाने दिया गया। लोकेशन न मिलने पर अफसरों ने दियोरिया और पूरनपुर रेंज की टीम को भी निगरानी के लिए लगाया है। निगरानी कर रही टीम ने बाघ के पंजों के निशान ट्रेस करने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन पानी होने के चलते कुछ पता नहीं चल सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाघ अभी झाड़ियों में ही है। उन्होंने बाघ को पकड़वाए जाने की मांग की है।