यूपी बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। इस बार 2557 शिक्षक कक्ष निरीक्षक की जिम्मेदारी संभालेंगे। इनमें 1058 बेसिक शिक्षकों की भी ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन ने परीक्षा की सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली हैं।
जिले में बोर्ड परीक्षाओं के लिए 87 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा संपन्न कराने के लिए 2557 शिक्षक-शिक्षिकाओं की कक्ष निरीक्षक के रूप में ड्यूटी लगाई जा रही है। इस बार मुख्य सचिव आलोक रंजन ने बोर्ड परीक्षा में बेसिक शिक्षकों की ड्यूटी अनिवार्य रूप से नहीं लगाने के निर्दश दिए थे, साथ ही डीआईओएस को पहले माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित कॉलेजों के शिक्षकों की ही ड्यूटी लगाने और जरूरत पड़ने पर बेसिक शिक्षकों की ड्यूटी केवल अनिवार्य प्रश्नपत्र के दौरान ही लगाने के निर्देश दिए थे।
1498 माध्यमिक शिक्षकों की लगी ड्यूटी
माध्यमिक शिक्षा परिषद के जिले में 141 विद्यालय संचालित हैं। इनमें 87 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इनमें तैनात 1026 शिक्षक शिक्षिकाओं की कक्ष निरीक्षक तौर पर ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 427 अन्य माध्यमिक शिक्षकों भी ड्यूटी लगाई गई है।
1058 बेसिक शिक्षक बनेंगे कक्ष निरीक्षक
माध्यमिक स्कूलों में स्टाफ की कमी केचलते हर साल बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को ड्यूटी लगाई जाती है। डीआईओएस जेके वर्मा ने बताया कि शासनादेश के अनुसार पहले माध्यमिक शिक्षा विभाग के 1498 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। शेष 1058 शिक्षकों की डिमांड बेसिक शिक्षा विभाग से की गई है। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा में दूरस्थ विद्यालयों या जिन विद्यालयों में दो शिक्षक ही तैनात है, उन विद्यालयों के शिक्षकों की ड्यूटी नहीं लगाई जा रही है।