साक्षरता दिवस पर पिपरिया अगरु प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापक सैयदा को सम्मानित करते डीएम। स
पीलीभीत। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर मंगलवार को गांधी स्टेडियम स्थित प्रेक्षागृह में डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने साक्षरता दर बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को पढ़ाने की जिम्मेदारी तो शिक्षकों की है ही, लेकिन ग्राम पंचायत में अगर कोई महिला या पुरुष असाक्षर है तो उसे भी साक्षर बनाने की दिशा में काम करना चाहिए।
डीएम ने कहा कि शिक्षक छात्र-छात्राओं को राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करें। उनमें देश भावना की जागृति पैदा करने के साथ ही शासन की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं। इस दौरान पिपरिया अगरु प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापक सैयदा को शासन की ओर से भेजा गया शुभकामना संदेश सौंपा गया। उन्हें स्मृति चिह्न, प्रमाण पत्र और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। डीएम ने विद्यालय को पुरस्कार के तौर पर 25 हजार रुपये देने की घोषणा की। डीआईओएस विजय सिंह यादव ने कहा कि शिक्षक को यूं ही राष्ट्र निर्माता नहीं कहा गया है। वह बच्चों को शिक्षित करने के साथ उनमें संस्कार भी भरता है। बीएसए रोशनी सिंह ने कहा कि विभाग का लक्ष्य प्रत्येक विद्यालय को निपुण बनाना है। शिक्षकों की समस्याओं को पारदर्शिता के साथ दूर कराया जाएगा।