पीलीभीत। विदेश जाने के बाद ड्यूटी पर न लौटने पर परिषदीय स्कूल की सहायक अध्यापिका शगुफ्ता शहरोज को सेवा समाप्ति से पूर्व बीएसए की ओर से अंतिम नोटिस जारी किया गया है।
मामला विकास क्षेत्र बरखेड़ा के खमरिया पंडरी स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय का है। विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापिका शगुफ्ता शहरोज लंबे समय से विद्यालय से अनुपस्थित चल रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, शिक्षका को वर्ष 2023 में विदेश जाने के लिए अनापत्ति एवं अवैतनिक अवकाश स्वीकृत किया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी उन्होंने विद्यालय में कार्यभार ग्रहण नहीं किया। विभागीय अधिकारियों की ओर से कई बार नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया, लेकिन कोई संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं हुआ।
विभाग का कहना है कि शिक्षिका ने अब तक न तो व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर पक्ष रखा और न ही किसी माध्यम से संपर्क किया। बीएसए रोशनी सिंह की ओर से शिक्षिका को 15 दिन के भीतर कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने का अंतिम अवसर दिया गया है। बीएसए रोशनी सिंह ने बताया कि निर्धारित अवधि में जवाब न मिलने पर उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा (अध्यापक) सेवा नियमावली के अंतर्गत सेवा समाप्ति की कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है। संवाद