जिले में बगैर मान्यता के चल रहे 259 स्कूल-कॉलेज
डीएम ने 31 जुलाई तक मान्यता न लेने पर एफआईआर दर्ज कराने के दिए निर्देश
जिले में बगैर मान्यता चल रहे स्कूल-कॉलेजों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू हो चुकी है। डीएम ने जिले में चिह्नित किए गए ऐसे 259 स्कूल-कॉलेजों को 31 जुलाई तक मान्यता लेने के कड़े निर्देश दिए हैं। इसके बाद मान्यता न लेने वाले स्कूल संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
जिले में सख्ती के बावजूद कई ऐसेे स्कूल-कॉलेज संचालित किए जा रहे है जो बिना मान्यता व गैर मानकों के चल रहे हैं। इन स्कूल कॉलेजों को हर साल नोटिस आदि दी जाती हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं होता। इधर शासन के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग ने जिले में बगैर मान्यता व गैर मानकों से बनाए गए स्कूलों को खंगालना शुरू किया। इस मामले में डीएम शीतल वर्मा ने भी कुछ दिन पूर्व शिक्षा विभाग के अधिकारियों को बगैर मान्यता के चल रहे स्कूल कॉलेजों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसको लेकर जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा बगैर मान्यता चल रहे स्कूलों को चिह्नित कर इसकी रिपोर्ट बीएसए कार्यालय को भेजी गई। सूची के मुताबिक जिले में 259 स्कूल बगैर मान्यता के संचालित होना पाया गया। विभाग द्वारा इन स्कूल कॉलेजों की सूची जिलाधिकारी को सौंप दी गई। इधर डीएम शीतल वर्मा ने मामले में सख्ती बरतते हुए सभी स्कूलों को 31 जुलाई तक मान्यता लेने के निर्देश दिए हैं। बीएसए डॉ. इंद्रजीत वर्मा ने बताया कि डीएम के निर्देशानुसार इन बगैर मान्यता के स्कूल संचालकों को नोटिस भेजा जा चुका है।