खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से आज होगा वितरण
प्राथमिक विद्यालयों के 274 सरप्लस शिक्षक हुए समयोजित
समायोजन प्रक्रिया के तहत काउंसलिंग में भाग ले चुके प्राथमिक विद्यालयों के सरप्लस शिक्षकों को नियुक्ति पत्र उनके ही ब्लाक में खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा दिए जाएंगे। नियुक्ति पत्रों का वितरण 22 जुलाई होगा।
शासन के निर्देश पर समायोजन प्रक्रिया के तहत प्राथमिक विद्यालयों के 274 सरप्लस शिक्षकों की 19 जुलाई को काउंसलिंग हुई थी। बीएसए कार्यालय परिसर में हुई काउंसलिंग में 274 सरप्लस शिक्षकों के सापेक्ष 270 शिक्षकों ने भाग लिया था। इसमें दो शिक्षिकाओं व दो शिक्षक गैरहाजिर रहे थे। काउंसलिंग पूरी होने के बाद सरप्लस शिक्षकों की पत्रावली जिला प्रशासन को सौंप दी गई। इधर डीएम द्वारा अनुमोदन मिलने के बाद बीएसए कार्यालय में सरप्लस शिक्षकों के नियुक्ति पत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इधर बीएसए डॉ. इंद्रजीत प्रजापति ने बताया कि नियुक्ति पत्र तैयार किए जा चुके हैं। इन सभी नियुक्ति पत्रों को संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को भेजा जा रहा है। खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से ही नियुक्ति पत्र का वितरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसको लेकर सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। नियुक्ति पत्र 22 जुलाई को बांटे जाएंगे।
उच्च प्राथमिक स्कूलों के सरप्लस शिक्षकों की आज होगी काउंसलिंग
पीलीभीत। शासन के निर्देश पर समायोजन प्रक्रिया के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सरप्लस शिक्षकों की काउंसलिंग 22 जुलाई को बीएसए कार्यालय में होगी। समायोजन वरिष्ठता क्रम के आधार पर किया जाएगा।
बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पूर्व में नियम कानून को ताक पर रखते हुए कई अतिरिक्त शिक्षकों की तैनाती कर दी गई थी। शिक्षकों के अभाव में कई स्कूल एकल व शिक्षक विहीन संचालित हो रहे हैं। शासन ने जिले के अंदर व अंतर जनपदीय तबादलों से पूर्व समायोजन करने के आदेश दिए थे। सचिव बेसिक शिक्षा ने संजय सिन्हा ने प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सरप्लस शिक्षकों को चिह्नित कर इनका समायोजन करने के आदेश दिए थे। जिसके बाद प्राथमिक स्कूलों में 274 व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 125 सरप्लस शिक्षक पाए गए थे। प्राथमिक विद्यालयों में चिह्नित किए गए 274 सरप्लस शिक्षकों की 19 जुलाई को काउंसलिंग कर इन्हें अन्य विद्यालयों में समायोजित किया जा चुका है। अब उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सरप्लस शिक्षकों की काउंसलिंग होना शेष रह गई है। बीएसए डॉ. इंद्रजीत प्रजापति ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 125 सरप्लस शिक्षकों की काउंसलिंग 22 जुलाई को बीएसए कार्यालय में होगी। डीएम की अध्यक्षता में गठित समिति की देखरेख में यह प्रक्रिया दोपहर बजे से शुरू होगी।