अमरिया कस्बे में खेले जा क्रिकेट टूर्नामेंट के फायनल में जीत के बाद ट्राफी पाकर खुशी मनाते खिला
अमरिया। कस्बे में चल रहे प्रीमियर क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला सोमवार को परेवा वैश्य और टांडा इलेवन क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। फाइनल में परेवा वैश्य की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टांडा इलेवन को 49 रन से पराजित कर टूर्नामेंट जीत लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी परेवा वैश्य की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। टीम की ओर से कासिम ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 58 रन बनाए और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद 169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टांडा इलेवन की टीम परेवा वैश्य के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। निर्धारित 15 ओवर में टीम 119 रन ही बना सकी।
तन्नु प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित
परेवा वैश्य के गेंदबाजों ने सधी हुई गेंदबाजी करते हुए विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया और टीम को 49 रन की यादगार जीत दिलाई। फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए परेवा वैश्य की टीम के कासिम को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पूरे टूर्नामेंट में सर्वाधिक 495 रन बनाने और 18 विकेट लेने वाले फार्मर क्रिकेट क्लब की टीम के खिलाड़ी तन्नु को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित कर इलेक्ट्रिक स्कूटी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मैच के दौरान टूर्नामेंट कमेटी के अध्यक्ष सिकत्तर सिंह, मुजस्सिम, विनय कुमार गुप्ता, पिंका, अदनान, इंजमाम सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और दर्शक मौजूद रहे। संवाद