पीलीभीत। पहली जून से गांधी स्टेडियम के जिम में कसरत करना महंगा हो जाएगा। खुद को फिट रखने के लिए अब हर माह सात सौ की जगह आठ सौ रुपये की फीस चुकानी पड़ेगी। इसके अलावा तैराकी का शौक रखने वालों को साढ़े तीन सौ रुपये की जगह पांच सौ रुपये महीने चुकाने होंगे। शुक्रवार को गांधी प्रेक्षागृह में डीएम की अध्यक्षता में हुई जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति एवं गांधी स्टेडियम एवं पार्क समिति की बैठक में ये निर्णय लिया गया।
काफी समय से स्टेडियम में फीस में इजाफा नहीं हुआ था। इस बार स्वीमिंग पूल भी शुरू हुआ है। स्वीमिंग पूल की पहले 18 साल से कम उम्र वाले तैराकों के लिए 350 रुपये फीस मासिक निर्धारित थी। डीएम पुलकित खरे की अध्यक्षता में हुई बैठक में इसे बढ़ाकर अब 500 रुपये कर दिया गया है। 18 साल से अधिक उम्र वाले तैराकों से 700 रुपये मासिक फीस ली जाती है।
अब उनको एक हजार रुपये मासिक चुकाने होंगे। बता दें कि स्टेडियम में प्रैक्टिस करने वाले खिलाड़ियों के लिए जो 18 साल से कम उम्र के हैं उनसे साठ रुपये सालाना और इससे अधिक उम्र वालों से दो सौ रुपये महीना एंट्री फीस ली जाती है। इसके अलावा गांधी प्रेक्षागृह में सामने मैदान में होने वाले कार्यक्रमों के लिए अब ज्यादा पैसा चुकाना पड़ेगा। पहले बारह हजार रुपये इसकी फीस ली जाती थी जो अब पंद्रह हजार कर दी गई है।
बिना कार्ड और बिना किट नहीं मिलेगी स्टेडियम में एंट्री- डीएम ने सख्त निर्देश दिए कि स्टेडियम में बिना आईडी कार्ड और बिना किट के एंट्री नहीं मिलेगी। ऐसे लोगों को गेट पर ही रोक दिया जाएगा। डीएम ने जिला स्तरीय खेल आयोजन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने क्रीड़ा अधिकारी से कहा कि लाइफ टाइम मेंबरशिप बढ़ाई जाए।
जिले के ऐसे खिलाड़ी जो राज्य स्तरीय खेलों में प्रतिभाग कर चुके हैं और जो आर्थिक रूप खेल सामग्री नहीं खरीद सकते उनको प्रोत्साहित करने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएं। पार्क की देखरेख एवं साफ सफाई में लगे कर्मियों के दैनिक वेतन में वृद्धि करने का निर्णय लिया गया।
स्टेडियम में कूड़ा फेंकने वालों को जारी होंगे नोटिस- गांधी स्टेडियम के आसपास के लोग कूड़ा फेंक देते हैं। इस तरह की तमाम शिकायतें पहुंची। इसपर डीएम ने कहा कि ऐसे लोगों को नोटिस जारी किए जाएंगे। इस बाबत अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए। ऐसे लोगों की सूची तैयार की जाएगी।
बरखेड़ा विधायक ने ली अजीवन सदस्यता - बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने गांधी स्टेडियम की आजीवन सदस्यता प्राप्त की। इसके अलावा अनूप अग्रवाल, ऋषि महाजन, स्वतंत्र देवल, रवि शर्मा व हरिपाल सिंह यादव को आईडी प्रदान की गईं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत कुमार श्रीवास्तव, क्रीड़ा अधिकारी राजकुमार आदि मौजूद रहे।