पोस्टर हटाती नगर पालिका। स्त्रोत सोशल मीडिया
- फोटो : Samvad
पीलीभीत। ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की गो रक्षार्थ धर्म युद्ध यात्रा पीलीभीत से 1 जुलाई को गुजरना प्रस्तावित है। इससे सरकारी अमले में शनिवार को हलचल मच गई। शनिवार को आला अफसरों के आदेश पर ईओ नगर पालिका ने टनकपुर हाइवे पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के आगमन के बैनर को हटवा दिया।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की ओर से देश में गोहत्या बंद कराने व गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर 81 दिवसीय देशव्यापी गो रक्षार्थ धर्म युद्ध यात्रा की जा रही है। क्रम में पीलीभीत के रेलवे क्राॅसिंग के करीब एक लॉन में उनकी यात्रा का स्वागत किया जाना है।
सरकार के विरोध में रहने वाले शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के आगमन के बैनर को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर नगर पालिका के ईओ संजीव कुमार ने पालिका की टीम के साथ जाकर टनकपुर हाईवे से हटवा दिए। बैनर को ऑफिसर्स कॉलोनी गेट, पीडब्लूडी गेट, टीवी टॉवर, निरंजनकुंज आदि स्थानों से हटाया गया है। हालांकि बैनर हटाने को लेकर ईओ बिना अनुमति के बैनर लगने की बात कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं। संवाद