पीलीभीत शहर से सटे एक गांव निवासी युवक ने सोशल मीडिया पर खालिस्तान के समर्थन में पोस्ट डालकर माहौल खराब करने की कोशिश की है। युवक ने असलहा लहराते हुए फोटो भी डाले हैं। इसका पता चला तो पुलिस हरकत में आई। कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ के प्रयास भी शुरू कर दिए गए हैं। हालांकि, मामला सुर्खियों में आने के बाद पोस्ट हटा दी गई है।
23 दिसंबर की सुबह पूरनपुर क्षेत्र में तीन खालिस्तान समर्थक आतंकियों को पंजाब और यूपी पुलिस ने भुठभेड़ में ढेर कर दिया था। जांच-पड़ताल में आतंकियों के स्थानीय कनेक्शन भी सामने आ रहे हैं। बुधवार रात चंदोई-मझोला मार्ग पर ही लूट की घटना सामने आई थी। बुलेट सवार तीन युवकों ने न्यूरिया के मझोला फार्म के बाइक सवार किसान को रोककर तमंचे के बल पर मोबाइल लूटा और कहा था कि तीन साथी मारे गए, अन्य बिछड़ गए हैं। उन्हें ढूंढने के लिए मोबाइल चाहिए।
पोस्ट में मुठभेड़ में उठाए सवाल
अब कोतवाली क्षेत्र के सिरसा गांव के एक युवक ने फेसबुक पर खालिस्तान के समर्थन में पोस्ट डाली है। युवक ने पोस्ट के साथ असलहा लहराते हुए अपने फोटो भी डाले। पोस्ट में मुठभेड़ पर सवाल खड़ा करते हुए आतंकियों के समर्थन में लिखा गया था। मामले में कोतवाली में युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। इसके बाद सोशल मीडिया से पोस्ट भी डिलीट कर दिया गया।
कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले में सिरसा गांव निवासी गुरसेवक सिंह उर्फ सोनू के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी की तलाश में टीमों को लगाया गया है।