बीसलपुर। कोतवाली पुलिस ने गांव जोगीठेर के सुनील की मौत के मामले में बृहस्पतिवार को दूसरे दिन गांव के ही आठ लोगों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। बुधवार को रिपोर्ट दर्ज न करने पर परिजनों ने सड़क पर शव रखकर हंगामा किया था।
कोतवाली के गांव जोगीठेर निवासी कृष्ण कुमार कश्यप के 22 वर्षीय अविवाहित पुत्र सुनील की मंगलवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। सुनील का शव बुधवार सुबह शेरगंज रेलवे हॉल्ट पर फंदे पर लटका मिला था। घरवालों ने सुनील की हत्या किए जाने का आरोप लगाया था।
पुलिस ने हत्याकांड की रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। बुधवार की शाम पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव घरवालों को सौंप दिया था। घरवालों ने हत्याकांड की रिपोर्ट दर्ज न किए जाने से नाराज होकर अपने गांव के सामने से गुजर रहे पीलीभीत-शाहजहांपुर हाईवे पर शव रखकर चक्का जाम किया था। पुलिस की ओर से हत्याकांड की रिपोर्ट दर्ज कर लेने का आश्वासन दिए जाने पर घरवालों ने चक्का जाम खत्म कर दिया था।
कोतवाल अशोकपाल ने बताया कि मृतक के भाई प्रमोद की तहरीर पर हत्याकांड की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रिपोर्ट में गांव के ही अरुण राना, शिवम राना, जतिन राना, सचिन राना, मिथुन राना, विपिन मौर्य, अखिलेश मौर्य और छेदालाल मौर्य को नामजद किया गया है।