फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: लापता दोनों छात्र व छात्रा को गोवा से पीलीभीत लाई सुनगढ़ी पुलिस

Sat, 24 Jan 2026 11:51 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। 29 दिसंबर से शहर से लापता चल रहे दो छात्र और एक छात्रा को सुनगढ़ी पुलिस गोवा से शनिवार देर शाम पीलीभीत ले आई। तीनों फिलहाल पुलिस की निगरानी में हैं। छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराए जाने के बाद उसके कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे, इसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
विज्ञापन

थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के अलग-अलग मोहल्लों में रहने वाले हाईस्कूल के दो छात्र और कक्षा नौ में पढ़ने वाली छात्रा 29 दिसंबर को अचानक घर से लापता हो गए थे। लापता होने के दौरान एक छात्र अपने घर से बाइक लेकर निकला था, जबकि दूसरा छात्र करीब पौने दो लाख रुपये और अपनी मां का मोबाइल फोन साथ ले गया था। वहीं छात्रा अपने पिता के मोबाइल से सिम निकालकर साथ ले गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने सुनगढ़ी पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि तीनों एक साथ घर से निकले थे। जनवरी के पहले सप्ताह में एक छात्र की बाइक मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे लावारिस हालत में बरामद हुई।
विज्ञापन

सूचना पर सुनगढ़ी पुलिस की टीम ग्वालियर पहुंची और वहां भी खोजबीन की, हालांकि तीनों का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस बाइक को अपने साथ पीलीभीत ले आई थी। जांच आगे बढ़ने पर सोमवार को तीनों के गोवा पहुंचने की जानकारी सामने आई।
गोवा के कलंगुट क्षेत्र में एक होटल में कमरा लेने के दौरान आईडी जांच में तीनों के नाबालिग होने का खुलासा हुआ। इसपर होटल प्रबंधन ने तुरंत कलंगुट पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गोवा पुलिस ने पूछताछ की, तो तीनों ने खुद को पीलीभीत का निवासी बताया। इसके बाद गोवा पुलिस ने पीलीभीत पुलिस से संपर्क किया।
सुनगढ़ी पुलिस द्वारा तीनों के लापता होने की पुष्टि के बाद एक पुलिस टीम गोवा भेजी गई, जिसने तीनों को अपनी सुपुर्दगी में लिया। शनिवार को दोनों छात्र और छात्रा को सकुशल पीलीभीत लाया गया। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसके बयान कोर्ट में दर्ज कराए जाएंगे। कोर्ट के आदेश के अनुसार ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें