बिलसंडा। खेत पर घास काटने गई किशोरी से गांव के तीन युवकों ने छेड़छाड़ की। घटना से आहत होकर किशोरी ने घर आकर खुदकुशी की कोशिश करते हुए कीटनाशक पी लिया। सीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद किशोरी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने कार्रवाई के लिए परिवार वालों से तहरीर मांगी है।
क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री मंगलवार सुबह करीब आठ बजे खेत पर घास काटने गई थी। आरोप है कि वहां मौजूद गांव के तीन युवकों ने बेटी को पकड़ लिया और छेड़छाड़ करने लगे। शोर पर आसपास के ग्रामीण जमा हुए तो आरोपी धमकी देकर भाग गए। छेड़छाड़ से आहत होकर बेटी ने कीटनाशक पीकर खुदकुशी करने की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर बेटी को आनन फानन में सीएचसी ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। गांव के ही तीन युवकों पर आरोप लगाते हुए महिला ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर विरजाराम ने बताया कि मां-बेटी साथ थाने आई थीं। मौखिक शिकायत मिलने पर किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए महिला सिपाही के साथ सीएचसी भेजा गया था। वहां से किशोरी को रेफर कर दिया गया। मामले की जांच करा रहे हैं। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।