माधोटांडा। पारिवारिक कलह के चलते एक युवक ने फिल्मी अंदाज में खुदकुशी करने की कोशिश की। लॉकडाउन पालन कराने को तैनात पुलिसकर्मियों को सुसाइड नोट देने के बाद युवक ने अचानक खारजा नहर में छलांग लगा दी। राहगीरों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया। परिजनों को बुलाकर पुलिस बातचीत कर रही है। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
कस्बे का रहने वाला 27 वर्षीय युवक शनिवार दोपहर 12 बजे खारजा नहर के पास पहुंचा। वह नशा किए था। नहर से कुछ दूरी पर लॉकडाउन पालन कराने को पुलिस पिकेट लगी हुई थी। युवक पुलिस के पास गया और एक चिट्ठी (सुसाइड नोट) दे दिया। कहा कि उसके घर वालों को यह पत्र दे दिया जाए। पुलिस पत्र पढ़ती और कुछ समझ पाती इससे पहले ही युवक ने खारजा नहर में छलांग लगा दी। यह देख पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए। सिपाही रामबहादुर ने युवक का दिया पत्र खोलकर देखा तो वह सुसाइड नोट निकला। उसमें पारिवारिक कारणों के चलते खुदकुशी करने की बात लिखी हुई थी।
सिपाही ने शोर मचाकर कुछ राहगीरों को जमा किया और फिर कस्बे के ही तैराकी जानने वाले सुरेश और हिफाजत नहर में उतरे और युवक को जल्द ही सुरक्षित बाहर निकाला। इसकी सूचना मिलने पर थाने से और पुलिस बल आ गया। युवक को लेकर थाने गए और परिवार वालों को भी बुला लिया। पूछने पर युवक ने बताया कि बिना नशा किए वह छलांग नहीं लगा पा रहा था। इसलिए पहले वह शराब पीकर आया। इंस्पेक्टर शहरोज अनवर ने बताया कि युवक के परिजनों को बुला लिया गया है। बातचीत कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है।