जिला कृषि
अधिकारी अवधेश कुमार मिश्रा ने सहकारी गन्ना विकास समिति की गोदाम के
उर्वरक का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। उधर, समिति से खाद वितरण न होने पर
किसान मजदूर संगठन के पूर्व तहसील अध्यक्ष गुल्लू पहलवान ने समिति में
सोमवार को काफी देर तक हंगामा किया। सचिव ने जब उन्हें उर्वरक का लाइसेंस
निरस्त होने के कारण खाद वितरण न करने की जानकारी दी तब वह शांत हुए।
जिला
कृषि अधिकारी ने जुलाई में जिला सहकारी गन्ना विकास समिति की खाद गोदाम पर
छापा मारकर उर्वरक के नमूने लिए थे और नमूनों को जांच के लिए विभागीय
प्रयोगशाला भेजी थी। जांच में नमूने फेल हो गए थे। इसके बाद जिला कृषि
अधिकारी ने समिति सचिव के विरुद्ध पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी और समिति
का उर्वरक लाइसेंस निलंबित कर दिया था। जिला कृषि अधिकारी ने अब समिति का
उर्वरक लाइसेंस निरस्त कर दिया है, जिसकी पुष्टि समिति सचिव ओमप्रकाश वर्मा
ने की है।
मोहल्ला ग्यासपुर निवासी किसान गुल्लू पहलवान सोमवार को
सहकारी गन्ना विकास समिति कार्यालय पहुंचे और समिति की गोदाम से कई माह से
खाद वितरण बंद होने को लेकर हंगामा करने लगे। किसान नेता का आरोप था कि
समिति अधिकारियों की लापरवाही के चलते समिति की गोदाम से खाद वितरण पिछले
कई माह से बंद है।
इससे किसानों को काफी दिक्कत हो रही है। बाद में समिति
सचिव ने उन्हें बताया कि समिति का उर्वरक लाइसेंस निरस्त होने के कारण खाद
वितरण बंद है। तब जा कर कहीं वह शांत हो सके। हंगामे के चलते कार्यालय में
काफी अफरा-तफरी मची रही और कुछ देर के लिए कामकाज भी प्रभावित रहा।