बीमार वृद्धा को लेकर सीएचसी जा रही एंबुलेंस कोहरे में गन्ना से भरी ट्राली से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस से ले जाई जा रही वृद्धा की मौत हो गई जबकि चालक और उसके सहायक सहित तीन लोग घायल हो गए। हालांकि एंबुलेंस चालक का कहना है कि वृद्धा की मौत हादसे से पहले ही बीमारी के चलते हो चुकी थी। हादसा आसाम हाइवे पर चीनी मिल के समीप रात में हुआ। चीनी मिल के बाहर आसाम हाइवे पर दो दिन से गन्ना से भरे वाहनों की लाइन लगी है। इस लाइन में लगी गन्ना से भरी ट्राली से खुटार की ओर से आ रही 108 एंबुलेंस टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस चालक रामरहीम, सहायक चित्रदेव और बीमार की तीमारदार एक महिला घायल हो गई। एंबुलेंस भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में एंबुलेंस से लाई जा रही बीमार वृद्धा की मौत हो गई। हालांकि बगैर कार्रवाई किए वृद्धा का शव उनके परिवार वाले घर ले गए।
बीमार वृद्धा हार्ट की मरीज थी। उसका पहले से इलाज कराया जा रहा था। वृद्धा को सीएचसी में मृत हालत में लाया गया। एंबुलेंस के कर्मचारी हादसे से पहले उसकी मौत की जानकारी दे रहे थे। हार्ट पेसेंट होने को लेकर हो सकता है कि तेज झटके पर वृद्धा की मौत हुई हो, लेकिन उसके परिवार वालों ने इसकी कोई शिकायत नहीं की और शव को घर ले गए।
- डॉ. रविंद्र सिंह, अधीक्षक सीएचसी