बिलसंडा (पीलीभीत)। जुए में हारने के बाद से परेशान ग्रामीण ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। रात भर लापता रहने के बाद दूसरे दिन उसका शव गांव के बाहर आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। परिवार वाले भी जुए में हुई हार को ही खुदकुशी की वजह मान रहे हैं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
थाना बिलसंडा क्षेत्र के गुलड़िया मरौरी निवासी तौलेराम ने बताया कि उनका छोटा भाई 45 वर्षीय रामप्रताप पुत्र सोभरन खेती करते थे। बृहस्पतिवार शाम पांच बजे वह घर से बिना बताए निकल गए। देर रात तक वापस नहीं आए तो परिवार वालों ने तलाश शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं लग सका। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे रामप्रताप का शव मकान से डेढ़ किमी दूर गांव के बाहर की तरफ एक खेत में लगे आम के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी से बने फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में बिलसंडा पुलिस भी मौके पर आ गई। शव को फंदे से उतारकर पुलिस ने परिवार वालों से पूछताछ की। भाई ने बताया कि रामप्रताप अक्सर जुआ खेलता था। बीते दिन भी जुए में हार गया था। इसी को लेकर परेशान था। उन्होंने जुए में हुई हार को ही खुदकुशी की वजह बताया। अन्य कोई रंजिश और विवाद से साफ इनकार कर दिया। परिजन जुए में हारी रकम तो नहीं बता पाए, मगर गांव में करीब आठ हजार रुपये हारने की चर्चा तेज रही।
इंस्पेक्टर विरजाराम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार वाले जुए में हारने के बाद परेशान होकर खुदकुशी की आशंका जता रहे हैं। कोई तहरीर नहीं दी गई है। पड़ताल की जा रही है। उधर, पति की मौत के बाद पत्नी मंजू देवी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मृतक के कोई बच्चा नहीं है।