पीलीभीत। शहर के छतरी चौराहा के पास गंगाविहार कॉलोनी में मानकों को ताक पर रखकर सड़क बनाई जा रही है। गुणवत्ता खराब देखकर कॉलोनी में रहने वाले एक भाजपा नेता ने मामले की शिकायत एडीएम से की तो नगरपालिका की ईओ ने शनिवार को वहां छापा मारा। उन्होंने सड़क में लग रही ईंट और इंटरलॉकिंग वाले टाइल्स का सैंपल लेकर परीक्षण के लिए पीडब्ल्यूडी भेजने के निर्देश दिए।
वार्ड नंबर 16 में छतरी चौराहा के पास इस कॉलोनी में नगरपालिका की ओर से 22 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग रोड बनवाई जा रही है। ठेका एक प्राइवेट कंपनी को दिया गया है। यह कंपनी कैसा निर्माण कर रही है, पालिका की ओर से चेक ही नहीं कराया गया। एक भाजपा नेता ने कॉलोनी में हो रहे निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल होने की शिकायत एडीएम न्यायिक देवेंद्र प्रताप सिंह से की। इसके बाद एडीएम ने ईओ निशा मिश्रा को कार्रवाई के निर्देश दिए। शनिवार को ईओ ने मौके पर जाकर निर्माण कार्य को देखा। मानक के अनुरूप रेत और बजरी न डलवाने के साथ छोटी-छोटी दूसरी कमियां पाई गईं। ईओ ने ईंट और इंटरलॉक वाले टाइल्स का सैंपल लेकर उसे पीडब्ल्यूडी में परीक्षण के लिए भिजवाने के निर्देश दिए। ईओ निशा मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिलने पर निरीक्षण किया गया है। निर्माण में कुछ कमी पाई गई है। ईटों के सैंपल परीक्षण के लिए भिजवा दिए गए है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही ईंट के बारे में कुछ बताया जा सकता है।