पीलीभीत। गर्मी के बढ़ते सितम और लू को ध्यान में रखते हुए स्कूली बच्चों को सेहत के प्रति सजग करने की पहल की गई है। स्कूलों में पोस्टर प्रतियोगिता, वीडियो आदि के माध्यम से बच्चों को लू से बचाव की सीख दी जाएगी। इस संबंध में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर जिला विद्यालय निरीक्षक और बीएसए को पत्र लिखकर प्रतियोगिताओं और जागरूकता कार्यक्रमों को कराने का निर्देश दिया गया है।
जिले में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। पारा 40 के पार पहुंच गया है। 10 दिन पूर्व से गर्मी का सितम अधिक बढ़ा है। दिन में तेज धूप के साथ गर्म हवा भी लोगों को परेशान कर रही हैं।इसको लेकर मौसम विभाग की ओर अलर्ट भी किया जा रहा है। गर्मी के बढ़ते सितम को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से निर्देश जारी हुए हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व ऋतु पूनिया ने डीआईओएस और बीएसए को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मद्देनजर जिले में अत्यधिक गर्मी, लू से बचाव की दिशा में जरूरी कदम उठाए जाएं।