छात्रावास खाली करने के नोटिस से नाराज बापू छात्रावास के छात्रों ने समाज कल्याण अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। इसमें छात्रावास की मरम्मत कराने की मांग की गई है।
गैस चौराहा स्थित बापू छात्रावास में वर्तमान में करीब 17 छात्र रह रहे हैं। समाज कल्याण विभाग ने इन सभी को नोटिस जारी किया है। इसमें भवन की स्थिति जर्जर बताकर उसके गिरने की आशंका जताई गई है। समाज कल्याण विभाग ने सभी छात्रों से भवन खाली करने को कहा है। नोटिस मिलने से खफा छात्र शुक्रवार को अधिवक्ताओं एवं अभिभावकों के साथ विकास भवन पहुंचे और डीएम के नाम संबोधित ज्ञापन समाज कल्याण अधिकारी को सौंपा। इसमें कहा गया है कि विभाग भू-माफिया से मिलीभगत के चलते भवन खाली कराना चाहता है। इसके लिए भवन को जर्जर बताया जा रहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि भवन को वर्ष 2002 में गलत तरीके से बेच दिया गया है। छात्रों ने भवन खाली न कराकर उसकी मरम्मत कराने की जरूरत बताई है। इस बाबत जानकारी करने पर जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि बापू छात्रावास किराए के भवन में चल रहा है। इसकी अभियंताओं से जांच कराई गई थी। इसमें भवन जर्जर घोषित किया गया। बरसात के दौरान हादसे की आशंका के चलते डीएम के निर्देश पर भवन खाली करने का नोटिस दिया गया है। ज्ञापन देने वालों में अनमोल रतन, अशोक कुमार, नितेश कुमार, ईश्वर दयाल, जसवीर सिंह सहित कई छात्र, अधिवक्ता और अभिभावक शामिल थे।