पीलीभीत। कोचिंग से लौटते समय छात्र पर जानलेवा हमला किया गया। रास्ते में घेरकर करीब सात लोगों ने कड़ा, बेल्ट और हाॅकी से हमला कर युवक को गंभीर घायल कर दिया। भीड़ एकत्र होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। सुनगढ़ी क्षेत्र के ग्राम बरहा निवासी अमरनाथ ने सुनगढी थाना पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका पुत्र पर्व दिनकर निरंजनकुंज कॉलोनी में कोचिंग पढ़ता है। चार दिन पूर्व साइकिल स्टैंड को लेकर उसकी दीपक निवासी कल्याणपुर नौगवां से कहासुनी हो गई थी। उस दौरान दीपक ने मारने की धमकी भी दी थी।
22 जुलाई की शाम करीब चार बजे दीपक ने छात्र को फोन कर फिर धमकी दी। इसके बाद जब पर्व अपने दोस्त अरुन के घर जा रहा था तो रास्ते में योगेश और दिव्यांश भी उसके साथ हो गए। आरोप है कि बरहा फाटक के पास दीपक मिला और उसने पर्व को पकड़कर हाथ में पहने कड़े से सिर पर वार करना शुरू कर दिया। आरोपी के अन्य साथी लोकेश सोलंकी और उसके भाई ने बेल्ट और हॉकी से पुत्र को पीटा, जबकि अंकित सोनकर निवासी एकतानगर और विकास समेत पांच अन्य लोगों ने भी मारपीट की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की। इंस्पेक्टर पवन कुमार पांडेय ने बताया कि घायल का मेडिकल कराया गया। मामले में सख्ती बरती जा रही है।