सातवें दिन भी जारी रही जद्दोजेहद
- फोटो : पीलीभ्ाीत/उत्ततर प्रदेश्ा
बैंकों में 500 और 1000 रुपये के पुराने नोट बदलने के लिए जद्दोजेहद कम नहीं हो रही है। मंगलवार को बैंक खुलते ही लंबी लंबी लाइन लग गई। कई जगह रुपये बदलने में भी आनाकानी की गई। कुछ जगहों पर यह भी कहा गया कि बैंक के खाता धारकों के रुपये ही बदले जाएंगे। इसके अलावा शहर के आधे एटीएम बंद रहने से लोगों को परेशानी हुई।
सोमवार को अवकाश के बाद मंगलवार को बैंक खुले लेकिन परेशानी कम नहीं हुई। शहर की स्टेट बैंक मुख्य शाखा में नोट बदलने के साथ निकासी भी हुई और एटीएम भी चला जबकि सिटी ब्रांच का एटीएम कुछ देर चलने के बाद बंद हो गया। सुबह कुछ देर तक लगभग सभी एटीएम ठीक चलते रहे लेकिन दोपहर बाद अधिकांश मेें रुपये खत्म हो गए। रुपये निकालने के लिए सेंट्रल ओवरसीज, आईसीआईसीआई, एचडीएफसी, एसबीआई सिटी ब्रांच, बैंक ऑफ इंडिया सहित कई बैंक के एटीएम पर लंबी लाइन देखी गई। वहीं स्टेडियम रोड स्थित आईडीबीआई बैंक में अब तक करेंसी नहीं आई है। वहां बोर्ड टंगा है कि नो कैश। यह भी लिखा है कि यहां केवल नकदी जमा की जा रही है।
बीसलपुर। छुट्टी के बाद खुले बैंक शाखाओं, एटीएम व डाकघरों में काफी भीड़ दिखी। लोग बड़े नोट बदलवाने के मकसद से बैंक शाखा व डाकघरों पर सुबह से ही लाइन लगा कर खड़े हो गये।
अमरिया। सुबह से ही बैंक में भीड़ जमा रही। कस्बा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंधक दस बजे कार्यालय पहुंचे तो लोगों ने उन्हें घेर लिया। उन्हें पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बैंक में लेनदेन शुरू हो सका।