पीलीभीत। भीषण गर्मी और तेज धूप ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दोपहर के समय बढ़ते तापमान और चल रही गर्म हवाओं से लू लगने का खतरा लगातार बढ़ रहा है। मेडिकल कॉलेज में रोजाना 15 से 20 तक मरीज डिहाइड्रेशन और लू से जुड़ी शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक घर से बाहर न निकलने और खानपान में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर चल रही लू और उमस से लोगों का हाल बेहाल है। मौसम विभाग के अनुसार, आगे भी मौसम ऐसा ही रहेगा। मेडिकल कॉलेज के सीएमएस फिजिशियन डॉ. रमाकांत सागर ने बताया कि तेज धूप में लंबे समय तक रहने से शरीर में पानी की कमी हो जाती है। इससे चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, तेज बुखार और बेहोशी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों में लू का खतरा सबसे ज्यादा रहता है। उन्होंने लोगों को शरीर में पानी की कमी न होने देने की सलाह दी है। वर्तमान में डायरिया, डिहाइड्रेशन के मेडिसिन विभाग में 15 से अधिक मरीज भर्ती हैं। संवाद