शुक्रवार की रात चली आंधी और पानी से शहर की बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई। कई
स्थानों पर तारों के आपस में टकराने और पेड़ की टहनियां गिरने से पुलिस
लाइन, खकरा व निरंजनकुंज कॉलोनी के फीडर बंद कर दिए गए। इससे करीब पांच
घंटे तक प्रभावित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित रही। ग्रामीण क्षेत्रों
में भी बिजली आपूर्ति की व्यवस्था काफी खराब रही।
शुक्रवार की रात करीब
दो बजे तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई। आंधी चलने के कारण करीब आधा घंटे
तक पूरे शहर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। दोबारा जब सप्लाई शुरू हुई तो
तारों के टकराने और पेड़ों की टहनियों के कई स्थानों पर गिरने से पुलिस
लाइन, खकरा व निरंजनकुंज कॉलोनी के फीडर बंद कर दिए गए। इससे मोहल्ला
तुलाराम, मोहल्ला तखान, फीलखाना, आवास विकास कॉलोनी, भूरे खां, खकरा सहित
एक दर्जन से अधिक मोहल्लों की बिजली गुल रही।
एसडीओ टाउन दीपक नेगी ने
बताया कि आंधी आने के कारण कुछ स्थानों पर तार आपस में टकरा गए। कई जगहों
पर टहनियां की चपेट में आकर तार क्षतिग्रस्त हो गए। जिस पर पुलिस लाइंस,
खकरा और निरंजन कुंज का फीडर बंद करना पड़ा। लाइनों को दुरुस्त करने के बाद
बिजली आपूर्ति चालू की गई है। बताया कि करीब पांच घंटे बिजली सप्लाई ठप
रही। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति बाधित रही।