पीलीभीत। तराई में मौसम लगातार बदल रहा है। शुक्रवार दिन में धूप खिली रही। शाम होते ही मौसम बदल गया। रात में तेज आंधी और बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। शनिवार सुबह मौसम फिर साफ हो गया। आठ बजे ही धूप खिल गई। आज रविवार को भी मौसम साफ रहेगा। तापमान में वृद्धि संभव है।
शनिवार को पूरे दिन धूप खिली रही। शाम होने पर तापमान में मामूली गिरावट आई। पिछले तीन दिनों से बदले मौसम के मिजाज की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। रात में तापमान और कम हो जाने से लोग पंखे से ही काम चला रहे हैं, जबकि अप्रैल के पहले सप्ताह में कूलर और एसी चलने लगे थे।
बारिश से किसानों की गेहूं फसल को नुकसान पहुंचा है। फसल भीग जाने से कटाई बाधित हो गई। थ्रेसिंग में भी समय लगेगा। कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डाॅ. एसएस ढाका ने बताया कि शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 32.1 और न्यूनतम 18.7 दर्ज किया गया। अभी मौसम में बदलाव रहेगा। रविवार को मौसम साफ रहेगा। तापमान में बढ़ोतरी संभव है।
आंधी में उड़ गए दुकानों के बोर्ड
बीसलपुर। शुक्रवार की रात आंधी और बारिश से तापमान कम हुआ है। आंधी से खेतों में कटी पड़ी गेहूं की कुछ फसल भी उड़ गई। इससे किसानों का नुकसान हुआ। बाजार में दुकानों पर लगे कुछ बोर्ड भी उड़ गए हैं। एसडीएम नागेंद्र पांडेय ने बताया कि इस आंधी-पानी में कोई नुकसान नहीं हुआ है। संवाद